कर्ज के दबाव से महिला ने उठाया खौफनाक कदम, दो आरोपी हिरासत में; ब्याज की रकम को लेकर प्रताड़ना का आरोप

रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में कर्ज और ब्याज की रकम को लेकर एक महिला के जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान रजिया बेगम के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि कर्ज की रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। कथित दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने 9 अगस्त को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

कर्ज की रकम को लेकर प्रताड़ना का आरोप

परिजनों के मुताबिक, रजिया ने परिवार की जरूरतों के लिए कुछ लोगों से ब्याज पर पैसे लिए थे। आरोप है कि मूल रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी उससे अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही थी। परिजनों ने दावा किया कि कर्ज को लेकर आरोपी कथित तौर पर घर पहुंचकर गाली-गलौज करते और महिला को परेशान करते थे।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आमीन उर्फ मीठा और असलम उर्फ पप्पा को हिरासत में लिया है। दोनों से कर्ज और ब्याज की रकम से जुड़े विवाद को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच रही

महिला के परिजनों की शिकायत में शहजादा और गुड्डन दादी समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला का इलाज जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com