जमीन की रंजिश में बुजुर्ग दंपती की हत्या, शव जलाकर हादसा दिखाने की कोशिश; दो सगे भाई गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में हुए बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शवों और घर में आग लगाकर इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को घर के अंदर मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया (55) के अधजले शव मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और पोस्टमॉर्टम के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल पर मिली हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की गंध के आधार पर वह सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर श्याम लाल राठिया (32) और उसके भाई जीवन लाल राठिया (48) से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक किसान से चार एकड़ जमीन खरीदने का सौदा किया था, लेकिन बाद में मंगल राठिया ने अधिक कीमत देकर वही जमीन खरीद ली। इसके बाद उन्होंने वहां मकान बनाकर खेती शुरू कर दी। इसी रंजिश के कारण दोनों भाइयों ने हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टांगी लेकर दंपती के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनई बाई की भी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी गई। साथ ही घर के दो कमरों में भी आग लगा दी गई ताकि मामला आगजनी की दुर्घटना प्रतीत हो।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com