‘दिल मिले या न मिले, आंखें जरूर मिला रहे’ : भूपेश-टीएस पर रामविचार नेताम का तंज, कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के लगातार संयुक्त दौरों को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तीखे तंज कसे हैं।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने चुटकी लेते हुए कहा कि “बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं, नट-बोल्ट वाले कड़कनाथ भी खिलाएं। दिल मिले या न मिले, आंखें जरूर मिला रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए या राष्ट्रीय स्तर पर कोई जिम्मेदारी दे, यह पूरी तरह कांग्रेस का आंतरिक मामला है।

वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी तंज कसते हुए कहा कि “2018 में हनीमून की सरकार बनी थी, फिर उनका तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों हनीमून मना रहे हैं।”

इस दौरान मंत्री रामविचार नेताम ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए लोगों में भ्रम फैला रही है। UCC से आदिवासी, अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) या किसी भी वर्ग के आरक्षण और अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार सभी वर्गों के अधिकारों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के मुद्दे पर भी नेताम ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल को भूल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव किया जाता था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों के क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com