20 साल की सजा काट रहे दुष्कर्म दोषी बंदी की इलाज के दौरान मौत, सीने में दर्द उठने पर सिम्स ले जाते समय तोड़ा दम

बिलासपुर। नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। बंदी की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी और उसका केंद्रीय जेल अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार को सीने में तेज दर्द उठने पर उसे तत्काल सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रभु कुमार मनहर, निवासी ग्राम विद्याडीह टांगर, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वह नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया गया था और न्यायालय द्वारा 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2024 की रात आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पचपेड़ी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नाबालिग को ट्रेन से महाराष्ट्र ले गया है। इसके बाद पचपेड़ी पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से महाराष्ट्र के अमलनेर रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सकुशल बरामद किया।

पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। न्यायालय में सुनवाई के बाद आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com