पंडरिया के छात्रावास में अचानक पेट दर्द-उल्टी से छात्राएं बीमार, स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटा

कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही सभी बीमार छात्राओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 से 15 छात्राएं प्रभावित हुई हैं। इनमें से चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर किया गया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंची और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है।
चिकित्सकों ने बताया कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य और स्थिर है। एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं की लगातार निगरानी की जा रही है।











