धरमजयगढ़ में हाथी ने मचाई तबाही: महिला की गई जान, वन विभाग की टीम पर भी हमला; इलाके में अलर्ट जारी

धरमजयगढ़ (रायगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में घुसे एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जान बचाकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। घटना के समय उनके साथ उनकी दुधमुंही बच्ची भी मौजूद थी, जो इस हादसे में सुरक्षित बच गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे हाथी अचानक तालगांव बस्ती में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान शकुंतला बाई हाथी की चपेट में आ गईं। हाथी ने उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान हाथी ने वन विभाग के वाहन पर भी हमला कर उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद वन अमले ने हाथी को बस्ती से जंगल की ओर खदेड़ा।

घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही मृतका के परिजनों को शासन की ओर से निर्धारित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधियों की सूचना मिलने पर जंगल या प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com