धमतरी में EOW की रेड: ठेकेदार से 5 घंटे चली पूछताछ, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

धमतरी: जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (EOW) की टीम ने धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम सिर्री में ठेकेदार अभिषेक त्रिपाठी के घर छापेमारी की. यह कार्रवाई करीब 5 घंटे तक चली, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह लगभग 7 बजे दो वाहनों में आठ सदस्यीय टीम सिरी गांव पहुंची और छापेमारी शुरू की. टीम ने घर की तलाशी ली और ठेकेदार से लंबी पूछताछ भी की. जांच पूरी होने के बाद अधिकारी अपने साथ लाल रंग की पोटली में दस्तावेज लेकर रवाना हुए. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई DMF घोटाले से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है. हाल ही में प्रदेश के कई जिलों में इसी प्रकरण से जुड़ी कार्रवाइयाँ की गई हैं.
रायपुर में पचपेड़ी नाका स्थित वॉलफोर्ट इन्क्लेव में अशोक और अमित कोठारी के घर पर भी EOW की रेड पड़ी है. दोनों का इक्विपमेंट सप्लाई का कारोबार है. इसके अलावा राजनांदगांव में तीन जगहों पर और दुर्ग के महावीर नगर में कारोबारी नीलेश पारख के यहां भी छापेमारी जारी है.
EOW और ACB की टीमें DMF फंड के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की तहकीकात कर रही हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.










