बालोद में ट्रक-पिकअप की भीषण भिड़ंत, 45 मिनट तक वाहन में फंसा रहा चालक; रस्सी से खींचकर निकाला

बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम सिकोसा के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक करीब 45 मिनट तक ड्राइविंग सीट में फंसा रहा।
पिकअप चालक 37 वर्षीय दीपक बारले के कमर के नीचे का हिस्सा सीट में फंस गया था। घायल होने के बावजूद वह लोगों से बातचीत करता रहा और खुद बाहर निकलने का प्रयास करता रहा।
रस्सी की मदद से चालक को निकाला
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। पिकअप के दबे हुए दरवाजे, स्टेयरिंग और लोहे के अन्य हिस्सों को रस्सी से बांधकर खींचा गया। करीब 45 मिनट की कोशिश के बाद दीपक को वाहन से बाहर निकाला जा सका।
गंभीर हालत में दुर्ग रेफर
घायल चालक को 108 एंबुलेंस से गुंडरदेही अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में चालक के पैर की हड्डियां टूट गई हैं।
माइंस से लौट रहा था ट्रक
जानकारी के मुताबिक, हाहालद्दी माइंस में चलने वाला ट्रक रायपुर से लौह अयस्क खाली कर वापस लौट रहा था। वहीं बोरिया खुर्द निवासी दीपक बारले सामान खाली करने के बाद दल्लीराजहरा से रायपुर लौट रहा था। इसी दौरान सिकोसा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
दोनों वाहन पुलिस ने किए जब्त
हादसे के बाद गुंडरदेही पुलिस ने ट्रक और पिकअप दोनों को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।











