रायगढ़ में आज ध्वजारोहण करेंगे वित्तमंत्री ओपी चौधरी, परेड की लेंगे सलामी; शहर में बदला ट्रैफिक रूट

रायगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे सुबह 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद परेड की सलामी ली जाएगी और राष्ट्रगान के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। आम लोगों, वीआईपी, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्कूली बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

एसडीएम कार्यालय परिसर में वीआईपी वाहनों के लिए P-1 पार्किंग बनाई गई है। कलेक्टर कार्यालय परिसर में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए P-2 पार्किंग रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम के पास पुलिस कर्मचारियों के लिए P-3 पार्किंग निर्धारित की गई है। आम लोगों के वाहन केलो विहार तिराहा से निर्धारित मार्ग के जरिए ऑडिटोरियम क्षेत्र में पहुंचेंगे और P-4 में पार्क किए जाएंगे।

स्कूल बसों और आम वाहनों के लिए अलग रूट

स्कूल बसों के लिए पंजरी प्लांट तिराहा से अंबेडकर चौक होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय और केलो विहार तिराहा तक रूट तय किया गया है। बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद बसों को P-6 स्कूल बस पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। ऑडिटोरियम क्षेत्र के P-4 में भी स्कूल बसों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

स्कूली बच्चों को निर्धारित प्रवेश मार्ग से मिनी स्टेडियम परिसर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग के लिए मरीन ड्राइव पर P-5 पार्किंग बनाई गई है। समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुविधा के लिए निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com