फुटबॉलर वाइचुंग भूटिया बस्तर में खोजेंगे खेल प्रतिभाएं, वर्कशॉप करने को तैयार

भारत के महान फुटबाल खिलाड़ी वाइचुंग भूटिया ने बस्तर में फुटबाल की प्रतिभाओं की खोज के लिए वर्कशॉप करने की इच्छा व्यक्त की है। उनका कहना है कि बस्तर में फुटबाल को बढ़ावा देने के लिए जो भी आवश्यकता होगी, उसमें सहयोग के लिए हमेशा उपलब्ध हैं।

भूटिया शनिवार को बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल होने जगदलपुर पहुंचे। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में उन्होंने खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। फुटबाल के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रेरित किया और मीडिया से बातचीत में कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस्तर ओलिंपिक का अनुकूल वातावरण और खिलाड़ियों का जोश भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री से चर्चा के दौरान भूटिया ने कहा कि सरकार चाहेगी तो वह बस्तर में वर्कशॉप करने के लिए तैयार हैं। बस्तर क्षेत्र में खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है और यह आदिवासी बहुल क्षेत्र खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच प्रदान करता है। भारतीय फुटबाल में ‘सिक्किमी स्नाइपर’ के नाम से मशहूर भूटिया ने समारोह में युवाओं और खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें दर्शकों को परिचित कराया।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी भूटिया की उपस्थिति को महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी सराहना की। समारोह में पहले पहुंचने के साथ ही उन्होंने मैदान में आकर दर्शकों का अभिवादन किया। उल्लेखनीय है कि उद्घाटन समारोह में ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सिंग क्वीन मैरी कॉम भी शामिल हुई थीं, जिससे खेल महाकुंभ में उत्साह और बढ़ गया।

वाइचुंग भूटिया यूरोपियन क्लब (इंग्लैंड के बरी फुटबाल क्लब) के लिए खेलने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर हैं। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया और 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर रिकार्ड कायम किया।

close