औरंगाबाद के देव से एक साथ चार लड़कियां हुईं लापता, इलाके में हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद: जिले के देव थाना क्षेत्र के शहरी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां से एक साथ चार लड़कियों के लापता होने से इलाके में हड़कंप है. बीते चार दिनों लापता हुई लड़कियों का कोई सुराग न मिलने से सभी लड़कियों के परिजन बेहद ही चिंतित और परेशान है.
इतना ही नहीं अनिष्ट की आशंका से सभी लड़कियों के परिजन दहशत के माहौल में जी रहे हैं. परिजनों के द्वारा उनकी हर संभव तलाश की जा रही है. सभी सगे संबंधियों, इष्ट मित्रों से पूछताछ के बाद उन सबों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित है. प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों लड़कियां चार दिन पहले अचानक घर से गायब हो गई.
कहीं भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले की सूचना देव थाना पुलिस को दी गई. मामले में उस समय नया मोड आया जब लापता लड़कियों में से एक के पिता ने देव थाने में लिखित आवेदन देकर अन्य तीन लापता लड़कियों को ही नामजद आरोपी बनाया. उनके द्वारा आरोप लगाया गया कि तीन लड़कियों के परिजनों की ही मिलीभगत से उनकी बच्ची भी लापता हुई है.
देव थाने में दिए गए इस आवेदन के बाद मामला में एक नया मोड आ गया. पुलिस भी सोने स्तर से चारों लड़कियों के ढूंढने का प्रयास कर रही है. लेकिन अभी तक इस मामले में उनके हाथ खाली हैं. चारी लापता लड़कियों के ढूंढने में पुलिस तकनीकी सेल की मदद से सबों का मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है.
इसके अलावे लापता लड़कियों के दोस्तों या अन्य संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है.देव थाने की अपर थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और शीघ्र ही सभी लड़कियों को बरामद कर लिया जाएगा.











