गरियाबंद हत्याकांड का खुलासा: मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में युवक आकाश कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मीनाबाजार में हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और मारपीट से युवक की हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात मीनाबाजार में आकाश कश्यप का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में मामले को दुर्घटना माना गया था, लेकिन परिजनों के विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट से मौत की पुष्टि होने पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सामूहिक रूप से मारपीट करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में देवकुमार निषाद (20), भीखम यादव (18), मनीष यादव (19), लक्की नेताम (19), लोकेश यादव (23) और डिगेंद्र निर्मलकर (18) को गिरफ्तार किया है। वहीं, 17 वर्षीय एक नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना किसी पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा नहीं मिली है। मामूली कहासुनी के बाद अचानक हुई मारपीट में युवक की जान गई। हालांकि, पुलिस पुरानी रंजिश या अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। मामले में नए साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com