उत्तर प्रदेश: अमेठी में बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 50 कंपनियां देंगी नौकरी

अमेठी: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है. जिला सेवा योजन विभाग की ओर से 26 फरवरी को आरआरपीजी कॉलेज परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इस मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी.
विभाग द्वारा मेले के माध्यम से 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. रोजगार मेले में कक्षा आठवीं पास से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीटेक, आईटीआई और पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा. विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे.
मेले को सफल बनाने के लिए जिला सेवा योजन विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डिग्री कॉलेजों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों से संपर्क कर छात्रों को रोजगार मेले की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठा सकें.
जिला सेवा योजन अधिकारी अनुपमा रानी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा. उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक संख्या में पहुंचकर रोजगार के इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं.











