कुरुद में स्वास्थ्य क्रांति का शंखनाद: 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने किया भूमिपूजन

कुरूद: क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग और विधायक अजय चन्द्राकर के सतत प्रयासों का फल अंततः मिल गया. सोमवार, 17 नवंबर 2025 का दिन कुरूद के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया, जब यहां 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल को 100 बिस्तरों के विशाल और आधुनिक अस्पताल में उन्नत करने के लिए ​मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल मंत्री, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा उपस्थिति में भूमि पूजन किया गया. इस ऐतिहासिक सौगात ने कुरूद समेत पूरे ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुरक्षा की एक नई उम्मीद और भारी उमंग भर दी है.

​यह आयोजन सिर्फ एक निर्माण कार्य का शुभारंभ नहीं, बल्कि क्षेत्र के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के एक नए युग का सूत्रपात है, जिसे कुरूद  विधायक एवं पूर्व केबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर ने अपना संकल्प बनाकर सिद्ध किया है.

गरिमामयी समारोह में उमड़ी जनता

स्वामी विवेकानंद इंडोर स्टेडियम परिसर में आयोजित यह भूमि पूजन समारोह सुबह 11 बजे शुरू हुआ. इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में क्रांतिकारी सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं विधायक अजय चन्द्राकर ने किया, जो इस परियोजना को कुरूद के जन-जन के लिए एक समर्पित भेंट मानते हैं.

अतिविशिष्ट अतिथि​ महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी, विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, छ.ग. मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लि. के अध्यक्ष दीपक महस्के, जिपं उपाध्यक्ष गौकरण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानू चंद्राकर, जनपद पंचायत कुरुद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमन्त साहू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहें.

अजय चंद्राकर की दूरदर्शिता का परिणाम

इस 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का उन्नयन विधायक अजय चन्द्राकर  की दूरदर्शिता और जनहितैषी राजनीति का स्पष्ट प्रमाण है. यह उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि कुरूद की जनता को अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए धमतरी या रायपुर जैसे दूर शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. विधायक  के नेतृत्व में यह परियोजना, स्वास्थ्य सुविधाओं को हर ग्रामीण तक पहुंचाने के लक्ष्य को साधती है.

अस्पताल की मुख्य विशेषताएं और जनहितैषी लाभ

​100 बिस्तरों वाला यह विस्तारित सिविल अस्पताल कुरूद और आसपास के हजारों लोगों के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान करेगा-

विस्तारित रोगी क्षमता: अधिक से अधिक मरीजों को एक ही समय में बेहतर उपचार मिल सकेगा.
​आधुनिक वार्ड: सभी वार्ड आधुनिक सुविधाओं और उपकरणों से सुसज्जित होंगे.
मातृ-शिशु सेवाओं में वृद्धि: गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए विशेष और बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी.
आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं में मजबूती: गंभीर और आपातकालीन मामलों के लिए त्वरित और उच्च-स्तरीय चिकित्सा सहायता सुनिश्चित होगी.
ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा: ग्रामीण अंचल की स्वास्थ्य सुरक्षा में यह एक बड़ा और निर्णायक सुधार लाएगा.
​उम्मीद की नई लहर:लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला धमतरी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही, कुरूद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है. इस बड़ी सौगात ने क्षेत्र में न केवल खुशी, बल्कि एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद की नई लहर जगा दी है.

close