बहू पर लगा बेटे की हत्या का आरोप, मां बोली- उसी ने उजाड़ दिया मेरा सुहाग

जानकीपुरम थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के बीच ई-रिक्शा चालक आशीष सोनी उर्फ शनि की हत्या का मामला सामने आया है. युवक के सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई है और उसके सिर पर गहरे घाव के निशान मिले हैं. घटना के बाद मृतक की मां ने अपनी बहू और उसके परिजनों पर मिलकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर के आधार पर बहू समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
काम पर निकला था युवक
पीजीआई थाना क्षेत्र के काली पश्चिम निवासी मिथिलेश स्वर्णकार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा आशीष सोनी उर्फ शनि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे रोजाना की तरह ई-रिक्शा लेकर काम पर निकला था. दिनभर सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन शाम करीब 4 बजे जानकीपुरम पुलिस ने फोन कर बताया कि आशीष को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है.
मिथिलेश के अनुसार, अस्पताल में डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद परिजन रोते-बिलखते जानकीपुरम थाने पहुंचे.
मां ने लगाया आरोप
परिजनों ने आशीष के सिर पर गहरे और जानलेवा चोट के निशान देखे. मृतक की मां का आरोप है कि घटना के बाद आशीष का ई-रिक्शा उसकी पत्नी प्रीति के घर ससुराल के बाहर खड़ा मिला. इसके बाद उन्हें शक हुआ कि आशीष को झांसे से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया.
मिथिलेश ने बताया कि आशीष और उसकी पत्नी प्रीति के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी. उनका आरोप है कि इससे पहले भी प्रीति, उसके परिजनों आंसू, प्रियंका, गोलू, शिवम और उसके जीजा ने आशीष के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी.
मृतक की मां ने इन्हीं लोगों पर साजिश के तहत बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है.
6 के खिलाफ मुकदमा
घटना की सूचना मिलने के बाद जानकीपुरम पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकीपुरम थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर बहू प्रीति समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.











