कांग्रेस जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में कितनी रहेगी महिलाओं की भागीदारी? इन जिलों से महिलाओं के नाम आ रहे सामने…

धमतरी/रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिलाध्यक्ष के 41 पदों के लिए एक-दो दिनों में नियुक्तियां होनी हैं. जिसमें प्रियंका गांधी के 40% महिला भागीदारी फार्मूले को इस बार जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में लागू किया जाएगा. फिलहाल जमीनी हकीकत यह है कि वर्तमान में 41 में से सिर्फ 4 जिलों में महिलाएं जिलाध्यक्ष हैं, यानी कुल प्रतिनिधित्व सिर्फ 9% का है.

प्राप्त जानकारी अनुसार, 2023 में 36 जिलाध्यक्षों में 6 महिलाएं थीं. 2025 में यह संख्या घटकर 4 रह गई है. वर्तमान में बलौदाबाजार से सुमित्रा धृतलहरे, महासमुंद से रश्मि चंद्राकर, सुकमा से महेश्वरी बघेल और कांकेर से सुभद्रा सलाम ही महिला जिलाध्यक्ष हैं. 41 जिलों से जिलाध्यक्ष पदों के लिए अब तक 5000 से ज्यादा आवेदन आए हैं.

कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शीता बरती गई है, जिसमें युवाओं, साफ छवि वाले नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा और योग्य उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.

हर जिले से 6 नामो का पैनल बनाकर भेजा गया 

हर जिले से 6 नामों का पैनल बनाकर शीर्ष नेतृत्व को भेजा गया है. हालांकि इन पैनलों में महिला दावेदारों की संख्या कम है. धमतरी से तारिणी चंद्राकर, सूरजपुर से भगवती राजवाड़े और बिलासपुर से सीमा पांडेय जैसे कुछ महिला नाम सामने आए हैं. लेकिन बाकी जिलों में पुरुषों का दबदबा दिख रहा है. इस प्रक्रिया के लिए कांग्रेस ने 18 पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे. जिनमें सुबोध कांत सहाय, अजय कुमार लल्लू, उमंग सिंगार, रेहाना रेयाज चिश्ती और सुहिना कावरे शामिल हैं.

महिलाओं की भागीदारी को लेकर है सबकी नजर

गौरतलब हो कि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में 40% महिला टिकट देने की घोषणा की थी और संगठन में भी महिलाओं की बराबर भागीदारी की बात कही थी. अब देखना यह है कि छत्तीसगढ़ जैसे संगठित राज्य में कांग्रेस इस फॉर्मूले को लागू करती है या फिर महिलाएं सिर्फ प्रतीकात्मक भूमिका तक सीमित रहेंगी.

close