सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर IED धमाका, CRPF जवान घायल — रायपुर एयरलिफ्ट कर भेजा गया, नक्सलियों की नई साजिश से दहला जंगल इलाका

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से नक्सल हिंसा का एक और मामला सामने आया है। रविवार दोपहर सुकमा और दंतेवाड़ा की सीमा पर गोगुंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए IED ब्लास्ट किया। इस विस्फोट में CRPF की 74वीं बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को पहले नजदीकी कैंप लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हेलिकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 1:45 बजे की है, जब CRPF के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान गोगुंडा के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED की चपेट में एक जवान आ गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में धूल का गुबार छा गया और जवान कुछ दूरी तक उछल गया। साथी जवानों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह हमला नक्सलियों की पहले से रची गई योजना का हिस्सा था, ताकि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाया जा सके। धमाके के बाद पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और नक्सलियों की तलाश की जा रही है।

बता दें कि सुकमा और दंतेवाड़ा का यह इलाका लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है। हाल के महीनों में यहां कई बार नक्सलियों द्वारा IED ब्लास्ट और फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बल लगातार इस क्षेत्र में ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि नक्सलियों के ठिकानों को ध्वस्त किया जा सके।

फिलहाल घायल जवान की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, जबकि सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके को पूरी तरह सील कर दिया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com