पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो…’ईठा’ बनकर श्रद्धा कपूर की दमदार वापसी

पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी…जब श्रद्धा कपूर की रोंगटे खड़े कर देने वाली आवाज में ये डायलॉग कानों में गूंजती है, तब रूह कांप जाती है. बॉक्स ऑफिस पर ‘स्त्री’ बनकर सबका दिल जीतने वाली श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर ऐसा गदर मचाने आ रही हैं, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. मैडॉक फिल्म्स की मच-अवेडेट फिल्म ‘ईठा’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर इस फिल्म की पहली झलक सामने आई, श्रद्धा कपूर का ऐसा इंटेंस, दर्दनाक और धांसू रूप देखकर फैंस के होश उड़ गए हैं. ये फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की मिट्टी से जुड़ी एक ऐसी दास्तान है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जाएंगी.
ये फिल्म मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर बनी है. विठाबाई कोई साधारण कलाकार नहीं थीं, बल्कि उन्होंने अपनी कला और घुंघरुओं के दम पर पीढ़ियों का दिल जीता था. कला के क्षेत्र में उनके इसी अभूतपूर्व योगदान के लिए साल 1990 में खुद भारत के राष्ट्रपति ने उन्हें सम्मानित किया था. विठाबाई की जिंदगी संघर्षों, हिम्मत और लावणी के प्रति पागलपन की एक ऐसी मिसाल है, जिसे पर्दे पर उतारना किसी भी एक्ट्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी. लेकिन इस टीजर ने साबित किया है कि श्रद्धा कपूर ने इस महाराष्ट्र के फ्लेवर और विठाबाई के दर्द को अपने भीतर पूरी तरह उतार लिया है.
इस 2 मिनट 3 सेकंड के टीजर में श्रद्धा कपूर का ट्रांसफॉर्मेशन सबसे बड़ा टॉकिंग पॉइंट बन गया है. टीजर में लावणी की चमचमाती दुनिया के पीछे छिपा वो कड़वा और खौफनाक सच दिखाया गया है, जिससे विठाबाई को गुजरना पड़ा था. स्टेज पर जब वे थिरकती हैं, तो उनके पैरों की धमक और चेहरे के हाव-भाव सीधे दर्शकों के दिल पर वार करते हैं. इस फिल्म में उनका ये परफॉर्मेंस उनके करियर का अब तक का सबसे इंटेंस और पावरफुल रोल साबित होने वाला है.
क्यों श्रद्धा कपूर ही हैं इस रोल के लिए परफेक्ट चॉइस?
विठाबाई के इस किरदार के लिए श्रद्धा कपूर ही परफेक्ट कास्टिंग क्यों हैं? इसकी एक बड़ी वजह उनका फैमिली बैकग्राउंड भी है. दरअसल, श्रद्धा की मां शिवांगी कोल्हापुरे एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखती हैं, यही वजह है कि वो बड़ी आसानी से मराठी बोल सकती हैं. इतना ही नहीं, श्रद्धा कपूर का नाता संगीत की दुनिया के सबसे दिग्गज ‘मंगेशकर परिवार’ से भी है (लता मंगेशकर और आशा भोंसले उनके नाना की कजिन बहनें हैं).
28 अगस्त को थिएटर्स में मचेगा गदर
फिल्म के टीजर के विजुअल्स इतने कमाल के हैं कि उन्हें देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं. बैकग्राउंड स्कोर से लेकर फिल्म की सिनेमैटोग्राफी तक, हर एक फ्रेम में महाराष्ट्र की उस पुरानी सांस्कृतिक विरासत की महक साफ महसूस हो रही है. मेकर्स ने साफ कर दिया है कि ‘ईठा’ में लावणी सिर्फ एक नाच-गाना नहीं है, बल्कि यह विठाबाई की कला, उनके स्वाभिमान और विरासत की एक कभी न मिटने वाली कहानी है. लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ये फिल्म 28 अगस्त को थिएटर में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म में मोहम्मद जीशान अयूब और रणदीप हुड्डा भी नज़र आएंगे.










