ओडिशा बॉर्डर पर आम की लकड़ी की अवैध तस्करी का भंडाफोड़: ट्रक, 36 लकड़ी के गोले और 3 चैन शॉ मशीनें जब्त

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में ओडिशा सीमा के पास अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। हल्दा गांव के समीप संयुक्त टीम ने छापा मारकर 36 आम के लकड़ी के गोले, 3 चैन शॉ मशीनें और एक ट्रक (सीजी 06 एम 0786) जब्त किया। यह कार्रवाई 1 नवंबर की देर शाम राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की।
पिछले कुछ समय से इलाके में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई और बिना दस्तावेज के लकड़ी परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर केशकाल अनुविभागीय दंडाधिकारी आकांक्षा नायक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। बड़ेराजपुर तहसीलदार फणेश्वर सोम ने राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का नेतृत्व किया।
टीम ने बड़ेराजपुर-बासकोट-गम्हरी मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ओडिशा सीमा के पास हल्दा गांव के नजदीक बासकोट की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 06 एम 0786 को रोका गया। ट्रक चालक की पहचान सोमी नेताम पिता लखमू नेताम, ग्राम कोरगांव के रूप में हुई। जांच के दौरान चालक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
जांच में ट्रक से 36 आम की लकड़ी के गोले और लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाली तीन चैन शॉ मशीनें मिलीं। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर ही लकड़ी, ट्रक और मशीनें जब्त कर लीं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में इस तरह की संयुक्त कार्रवाई और भी तेज की जाएगी, ताकि क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और वन कानूनों का पालन सुनिश्चित हो सके।










