मनेन्द्रगढ़ में भालुओं का दिन में भी विचरण:वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची, वार्ड में कराई जा रही मुनादी

मनेंद्रगढ़ के शहरी क्षेत्र में भालुओं का विचरण जारी है। पहले भालू सिर्फ रात में विचरण कर रहे थे, लेकिन अब दिन में भी देखे जा रहे हैं, जिससे शहरवासियों में दहशत का माहौल है। रविवार सुबह नगर पालिका के वार्ड नंबर 17 में तीन भालू देखे गए।

सूचना मिलने पर वन विभाग और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने निगरानी तो की, लेकिन भालुओं को पकड़ने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए। इससे स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।

हमले में कई लोग हो चुके हैं घायल

सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।

भालुओं को पकड़ने के उपाय करने चाहिए, क्योंकि भालू कई महीनों से शहर के कई वार्डों में विचरण कर रहे हैं, जिसके हमले से कई लोग भी घायल हो चुके हैं, अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।

वार्ड में कराई जा रही मुनादी

सिटी कोतवाली प्रभारी मनीष तिवारी ने बताया कि तीन भालुओं का विचरण कर रहे हैं। भालू अभी सो रहे हैं और लोगों को भालू वाले क्षेत्र में जाने से मना किया जा रहा है। इसके लिए वार्ड में मुनादी भी कराई जा रही है। भालुओं के अगले मूवमेंट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

close