रायबरेली में स्कूल वैन खाई में पलटी, बच्चों की चीख-पुकार से दहला इलाका

रायबरेली : यूपी के रायबरेली में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब बच्चों से भरी एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।वैन के पलटते ही उसमें सवार बच्चों की चीख-पुकार मच गई।जानकारी अनुसार हरचंदपुर-महराजगंज मार्ग पर वाहन को बचाने के प्रयास में बच्चों से भरी स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई.
हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सड़क दुर्घटना में करीब 20 बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बच्चों को वैन से निकालकर सीएचसी भेज दिया। सड़क दुर्घटना होने की जानकारी मिलने पर स्टाफ अस्पताल पहुंचा और गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया.
सन शाइन पब्लिक स्कूल की वैन गांवों से बच्चों को लेकर 9 बजे स्कूल जा रही थी। जैसे ही वैन सीएचसी के पास एक मोड़ पर पहुंची, सामने से आए वाहन को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और वैन सड़क से नीचे खाई में पलट गई. गनीमत रही कि वैन पास के जंगली बबूल के पेड़ से टकराने से बच गई, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को वैन से बाहर निकालकर मदद शुरू की.
सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस 102 व 108 की टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉ. रज्जन बाबू, फार्मासिस्ट भास्कर दीक्षित और वार्ड ब्वॉय शशिभाल तिवारी ने तत्काल इलाज शुरू किया.दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के प्रधानाचार्य अभिषेक त्रिवेदी स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे.वहीं, बच्चों के अभिभावक भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गए, जहां रोते-बिलखते परिजन अपने बच्चों का हाल जानने में जुटे रहे। गंभीर रूप से घायल काव्यांश राजपूत (5 वर्ष), निवासी पूरे वैशन और शिवम (11 वर्ष), निवासी नवीगंज को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एंबुलेंस कर्मी नवनीत शर्मा और लवकुश तथा पायलट आशीष यादव और सुनील यादव ने दोनों बच्चों को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रशासनिक और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही
यह दुर्घटना निजी स्कूलों की उस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करती है, जहाँ मुनाफे के चक्कर में बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रख दिया जाता है। एक छोटी वैन में 20 बच्चों को बैठाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि एक “चलता-फिरता डेथ ट्रैप” है। अभिभावकों में इस घटना को लेकर भारी रोष है और उन्होंने दोषी स्कूल प्रबंधन व चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।”जब तक डग्गामार और ओवरलोडेड स्कूली वाहनों पर प्रशासन नकेल नहीं कसेगा, मासूमों की जिंदगी इसी तरह दांव पर लगती रहेगी.










