ग्रामीण प्रतिभाओं का बढ़ा मान! सकुरा साइंस प्रोग्राम से लौटे विद्यार्थियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में आयोजित एक सम्मान समारोह में इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत जापान के सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम में शामिल होकर लौटे विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का सम्मान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रत्येक विद्यार्थी को प्रोत्साहन स्वरूप 5,000 रुपये प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सम्मानित विद्यार्थियों में धमतरी की कुमारी सुनैना साहू, बलौदाबाजार की कुमारी समीक्षा साहू, जांजगीर-चांपा के गगन दास मानिकपुरी तथा सैय्यद कशफ अली शामिल हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक अध्ययन भ्रमण के लिए किया गया था।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों से जापान यात्रा के अनुभव साझा किए और कहा कि जापान की वैज्ञानिक सोच, अनुशासन, समयपालन और कार्य संस्कृति पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक अध्ययन भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, दृष्टिकोण और शोध क्षमता को नई दिशा देते हैं। इससे उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है और वे भविष्य में अपने नवाचारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ और भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित कर सकते हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com