कोचिंग जा रही 10वीं की छात्रा को दरोगा के बेटे ने किया किडनैप, रेप की कोशिश और की मारपीट

बिहार में भागलपुर जिले के सुलतानगंज के स्टेशन रोड पर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक दुस्साहसिक वारदात हुई. यहां कोचिंग सेंटर पढ़ने जा रही 10वीं कक्षा की छात्रा को हथियार का भय दिखाकर बाइक सवार युवक ने जबरन अगवा कर लिया. पुलिस की बढ़ती दबिश के बाद आरोपी छात्रा को उसके घर से महज 200 मीटर पहले छोड़कर फरार हो गया.
पीड़ित छात्रा ने पड़ोसी दरोगा के बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. छात्रा के अनुसार, जब वह ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, तभी आरोपी कमलेश हथियार दिखाकर उसे बाइक पर बिठाकर कटहरा ले गया. वहां उसने एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया.
आरोपी का बड़ा भाई थियार दिखाकर देने लगा धमकी
जब छात्रा को होश आया, तो वह मुरारका कॉलेज के पास रेल फाटक के पास पड़ी थी. घटना के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई. जब परिजन और स्थानीय लोग आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी का बड़ा भाई दुर्गेश अपनी छत से हथियार दिखाकर उन्हें धमकी देने लगा. इसके बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया.
पुलिस कार्रवाई के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों के पिता उदय यादव समस्तीपुर में दरोगा के पद पर तैनात हैं और मूल रूप से कटहरा के रहने वाले हैं. कुछ साल पहले उन्होंने सुलतानगंज में मकान बनाया था, जहां उनका परिवार रहता है. दोनों बेटों को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर दरोगा उदय यादव ने पुलिस को फोन किया.
पुलिस ने इस पूरे मामले पर क्या कहा?
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है. वहीं लॉ एंड ऑर्डर सदर डीएसपी नवनीत कुमार ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आपराधिक पृष्ठभूमि के मामले में यह भी सामने आया है कि दो साल पहले आरोपी युवक कमलेश का अपराधियों ने गला रेतकर घर के आगे फेंक दिया था. इलाज के बाद उसकी जान बची थी और उसके बड़े भाई दुर्गेश पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं.











