रुड़की में नहर किनारे बनी अवैध कॉलोनियों और रास्तों पर चलेगा बुलडोडर, एक्शन मोड पर सिंचाई विभाग

उत्तराखंड के रुड़की में विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र मे सिंचाई विभाग ने भू-माफियाओं के खिलाफ सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है. कांवड़ पटरी पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों और सरकारी जमीन पर रास्ते बनाने वालों की अब खैर नहीं, क्योंकि अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने साफ कहा कि जो भी अवैध कब्जा करेगा, उसके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई होगी. हालांकि, ये पहली बार नहीं है, जब अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है.
रुड़की की गंगनहर पटरी के किनारे भू-माफियाओं ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनियां काट दीं. इतना ही नहीं, विभाग की अनुमति के बिना सिंचाई विभाग की जमीन पर पक्के रास्ते भी बना लिए गए. अब सिंचाई विभाग ने इन अवैध रास्तों को बंद करने की पूरी तैयारी कर ली है. अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विकास प्राधिकरण को भी दिए निर्देश
मामला सिर्फ जमीन कब्जाने तक ही सीमित नहीं है. नहर पटरी मार्ग पर बिना अनुमति के हरे-भरे पेड़ों को काटने का मामला भी सामने आया है, जिसकी जांच विभाग ने शुरू कर दी है. विभाग ने विकास प्राधिकरण को भी कड़ा संदेश भेजा है. नहर किनारे बसी इन अवैध कॉलोनियों के न तो नक्शे पास किए जाएं और न ही इन्हें बिजली-पानी के कनेक्शन दिए जाएं.
अवैध कब्जे पर चलेगा बुलडोजर
अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि सिंचाई विभाग की भूमि पर कहीं भी अवैध रास्ता मिला तो उसे तुरंत ध्वस्त किया जाएगा. हमने स्पेशल टास्क फोर्स बनाने की तैयारी कर ली है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. सिंचाई विभाग के इस कड़े रुख से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन का यह बुलडोजर कब से इन अवैध रास्तों को साफ करना शुरू करता है.











