चाकू दिखाकर किया अपहरण, फिरौती नहीं देने पर गांजा केस में फंसाने की धमकी

बिलासपुर में फिल्मी स्टाइल में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने युवक के गले पर चाकू अड़ाकर उसका अपहरण किया। इसके बाद उसे जंगल ले जाकर गांजे के साथ उसकी फोटो खींची।
आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रिश्तेदारों से 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी। रिश्तेदारों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई के चलते गिरोह के सरगना और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
वहीं दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, कलमीटार के भेलवापारा निवासी घनश्याम पाटले (21) बुधवार दोपहर अपने घर के आंगन में था। इसी दौरान रतनपुर के इशांत सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथी वहां पहुंचे।
उन्होंने काम का बहाना बनाकर घनश्याम को घर से बाहर बुलाया। बाहर आते ही आरोपियों ने उसके गले पर चाकू रख दिया और जबरन बाइक पर बैठाकर उसे कोरबा-भांवर के घने जंगल में ले गए।
गांजा के साथ फोटो खींचकर फंसाने की धमकी
जंगल ले जाने के बाद आरोपियों ने एक कागज पर गांजा फैलाकर घनश्याम के साथ उसकी फोटो खींची। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी मां को फोन करवाया।
डर के कारण घनश्याम ने मां से कहा कि वह पाली थाने में गांजे के साथ पकड़ा गया है और मामला रफा-दफा कराने के लिए 50 हजार रुपए की जरूरत है।
रिश्तेदार पुलिस के साथ लोकेशन पर पहुंचे
आरोपियों ने पहले पैसे लेकर आने के लिए महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास बुलाया, लेकिन बाद में बार-बार लोकेशन बदलते रहे। आखिर में उन्होंने रतनपुर हेलीपैड के पास आने को कहा।
इस बीच पीड़ित के जीजा शैलेंद्र कुमार को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत रतनपुर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी विष्णु यादव सिविल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
लोकेशन बदलते ही पुलिस ने दबोचा
फिरौती की रकम लेने के लिए आरोपियों की ओर से लगातार लोकेशन बदलने पर रतनपुर पुलिस सादे कपड़ों में उनका पीछा करती रही। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने इशांत सारथी (18) और एक नाबालिग को पकड़ लिया।
वहीं सोम रजक और यश नामक आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार इशांत सारथी को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।











