केएल राहुल का शॉट श्रीलंकाई खिलाड़ी के सिर पर लगा, मैदान से ले जाना पड़ा बाहर

गॉल टेस्ट में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है. टॉस जीतकर कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजी चुनी, जिसके बाद यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने मिलकर भारतीय पारी का आगाज किया. गॉल टेस्ट में भारत की पारी का अभी 10वां ही ओवर चल रहा था कि तभी मैदान पर कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को सहमा दिया. केएल राहुल का एक करारा शॉट श्रीलंकाई फील्डर निशान मधुशका को जाकर इतनी जोर से लगा कि उन्हें मैदान ही छोड़ना पड़ गया.
हेलमेट ने बचाई श्रीलंकाई खिलाड़ी की जान!
भारतीय पारी के 10वें ओवर की 5वीं गेंद पर ये घटना घटी. प्रभात जयसूर्या की उस गेंद पर केएल राहुल ने स्वीप शॉट खेला, जिसके बाद गेंद शॉर्ट लेग पर झुककर खड़े निशान मधुशका के सिर पर जा लगी. निशान के सिर पर गेंद तेजी से जाकर लगी थी. लेकिन गनीमत ये थी कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था.
जांच करने के बाद निशान को मैदान के बाहर ले गए फिजियो
शॉट खेलने के बाद केएल राहुल रन के लिए तो भागे मगर उनके चेहरे पर निशान मधुशका को लेकर चिंता साफ देखी जा सकती थी. वो रन लेने के बाद निशान का हाल जानने पहुंचे. इसी बीच श्रीलंकाई टीम के फिजियो भी दौड़ते-दौड़ते वहां पर पहुंच गए. उन्होंने निशान मधुशका की जांच की, गेंद ने हेलमेट को काफी जोर से हिट किया था, जिसके चलते आखिरकार निशान मधुशका को मैदान से बाहर जाना पड़ा. निशान मधुशका कन्कशन का शिकार हुए.
गॉल टेस्ट में भारत की पहली पारी के दौरान जिस वक्त ये घटना घटी, केएल राहुल 12 रन बनाकर खेल रहे थे और भारतीय स्कोर बोर्ड पर 38 रन लगे थे. निशान मधुशका की घटना ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि क्रिकेट में हेलमेट कितना जरूरी है.
गॉल टेस्ट के पहले दिन लंच कर भारत ने 1 विकेट पर 101 रन बनाए. देवदत्त पडिक्कल 35 रन बनाकर जबकि राहुल 32 रन बनाकर नाबाद रहे.











