मध्य प्रदेश: मनेरी गैस प्लांट के पास टायर गोदाम में लगी भीषण आग, धमाकों से मची अफरा-तफरी

जबलपुर: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के मनेरी स्थित इंडियन गैस प्लांट नंबर-2 के पास बने एक टायर गोदाम में देर शाम भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. आग इतनी भयानक बताई जा रही है कि इसकी लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही नगर निगम जबलपुर की फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं. वहीं स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है.
धमाकों की आवाज से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टायर गोदाम में आग लगने के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया.
बताया जा रहा है कि यह आग राय टायर कंपनी के गोदाम में लगी है। टायरों के बड़े भंडार के कारण आग तेजी से भड़क गई और काला धुआं आसमान में दूर तक फैल गया.
मार्ग किया गया बंद, पुलिस तैनात
घटना को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके.
पहले भी लग चुकी है आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी टायर गोदाम में पहले भी आग लगने की घटना हो चुकी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं और सुरक्षा के लिहाज से दूरी बनाए रखें.











