बेमेतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने थान खम्हरिया थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

शिकायत के आधार पर बिछाया गया जाल

जानकारी के अनुसार, ACB को प्रधान आरक्षक द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

थाने में हुई कार्रवाई, विभाग में मचा हड़कंप

ACB की टीम ने थान खम्हरिया थाना पहुंचकर दबिश दी और आरोपी प्रधान आरक्षक को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बेमेतरा पुलिस विभाग में रिश्वतखोरी के मामले में यह ACB की पहली बड़ी कार्रवाई है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। टीम रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी हुई है।

साजा विधानसभा क्षेत्र में दूसरी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि साजा विधानसभा क्षेत्र में हाल के समय में यह ACB की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक पटवारी को भी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों और अधिकारियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com