छत्तीसगढ़ में बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी पर चढ़ी पैसेंजर ट्रेन, 6 यात्रियों की मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मेमू पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ, जब मेमू पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल पर खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पैसेंजर ट्रेन तेज रफ्तार में आ रही थी और सिग्नल के बावजूद नहीं रुक पाई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए और ऊपर की बोगी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गई। हादसे के तुरंत बाद रेलवे के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्रियों को नजदीकी सिम्स अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सिग्नल फेलियर या मानवीय त्रुटि की संभावना जताई जा रही है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ और आरपीएफ की टीमों ने मोर्चा संभाल रखा है। कई घंटों तक रेलवे ट्रैफिक प्रभावित रहा, जिसके चलते कई ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
रेल मंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2.5 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने भी शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि कई बार ट्रेनों के बीच सिग्नलिंग सिस्टम में गड़बड़ी होती है, लेकिन उसकी सुध नहीं ली जाती। फिलहाल रेलवे ने ट्रैक को खाली करा लिया है और यातायात धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।










