जगदलपुर के बुक डिपो में भीषण आग, लाखों की स्टेशनरी सामग्री जलकर राख

जगदलपुर शहर के अनुपमा चौक स्थित एक बुक डिपो में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दुकान के अंदर से उठते घने धुएं और तेज लपटों के कारण आग बुझाने में काफी मुश्किलें आईं। आग पर काबू पाने के लिए दो से तीन दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

दमकल टीम ने जेसीबी से तोड़ा शटर

दुकान के भीतर आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मी अंदर तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसके बाद जेसीबी की मदद से दुकान का शटर तोड़ा गया, जिससे टीम अंदर पहुंचकर आग बुझाने में सफल हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में किताबें, कॉपियां, कागज और अन्य स्टेशनरी सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आकलन जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com