गुजरात की प्रमुख विकास परियोजनाओं का अध्ययन करने रवाना हुआ PIB रायपुर का मीडिया दल

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रायपुर की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मीडिया अध्ययन दौरे के तहत छत्तीसगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े 12 पत्रकारों तथा पत्र सूचना कार्यालय के दो अधिकारियों का दल रविवार शाम रायपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। यह अध्ययन दौरा 20 से 24 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आधुनिक तकनीकी संस्थानों और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। इससे पत्रकारों को विकास संबंधी विषयों की बेहतर समझ विकसित होगी और जनहित के मुद्दों पर तथ्यपरक एवं संतुलित रिपोर्टिंग को बढ़ावा मिलेगा।
दौरे के दौरान मीडिया दल अहमदाबाद स्थित पत्र सूचना कार्यालय का भ्रमण करेगा। इसके अलावा महात्मा गांधी के प्रथम सत्याग्रह स्थल कोचरब आश्रम, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना और साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब का अवलोकन कर आधुनिक परिवहन अवसंरचना की जानकारी प्राप्त करेगा।
मीडिया प्रतिनिधि लोथल में विकसित हो रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का भ्रमण करेंगे। साथ ही माइक्रोन के सेमीकंडक्टर संयंत्र का दौरा कर भारत के उभरते सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र और अत्याधुनिक तकनीकों को नजदीक से समझेंगे।
अध्ययन दौरे में आणंद स्थित अमूल डेयरी के सफल सहकारी मॉडल, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) की रिफाइनरी, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर बांध का भी भ्रमण शामिल है। इस दौरान पत्रकार जल संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा उत्पादन, सिंचाई, औद्योगिक विकास और पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में मीडिया दल राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का भ्रमण कर फॉरेंसिक साइंस, साइबर सुरक्षा और अपराध अनुसंधान से जुड़े नवाचारों की जानकारी प्राप्त करेगा। इसके बाद गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) का दौरा कर भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र और वित्तीय प्रौद्योगिकी के विकसित हो रहे इकोसिस्टम का अध्ययन करेगा।
पत्र सूचना कार्यालय के अनुसार, यह अध्ययन दौरा मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय विकास, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे आमजन तक विकास से संबंधित प्रमाणिक, तथ्यपरक और उपयोगी जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेगी।











