मानसून हुआ सुपर एक्टिव: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार, IMD बोला—5 दिन रहें सतर्क

रायपुर, 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार सुबह राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, कई शहरों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस दौरान अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर का मौसम राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

धमतरी समेत कई जिलों में बारिश का असर धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बांधों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारी तेज कर दी है।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश मंगलवार को रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर, बरपाली में 9 सेंटीमीटर तथा सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, कुटरू, अकलतरा, बम्हनीडीह और धाभरा समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मानसून द्रोणिका, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रीय परिसंचरण तथा बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक फैली द्रोणिका के कारण छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से कई क्षेत्रों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में येलो अलर्ट वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों के लिए सलाह मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न रुकने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com