नशे के धंधे से बनाई करोड़ों की जड़ पर चोट: मुकेश बनिया की 42 लाख की संपत्ति अटैच, अब होगी जब्ती की तैयारी

रायपुर, 30 जून 2026
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने आदतन नशा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर मुकेश उर्फ मुकेश बनिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। SAFEMA (सफेमा) सक्षम प्राधिकारी, मुंबई ने आरोपी की करीब 42 लाख रुपये की संपत्तियों पर जारी फ्रीजिंग ऑर्डर की पुष्टि कर दी है। इसके बाद अब आरोपी बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के इन संपत्तियों को बेच, गिरवी रखने या हस्तांतरित नहीं कर सकेगा।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “सूखे नशे के विरुद्ध अभियान” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत केवल गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।
आर्थिक नेटवर्क की जांच में खुलासा
डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुकेश बनिया के आर्थिक नेटवर्क की जांच की। जांच में पता चला कि आरोपी और उसके सहयोगियों के नाम पर खरीदा गया एक मकान और तीन वाहन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदे गए थे। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा गया, जिसे SAFEMA ने मंजूरी दे दी।
31 आपराधिक मामलों का आरोपी
पुलिस के अनुसार मुकेश बनिया के खिलाफ 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या, बलवा, मारपीट और गुंडागर्दी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। 26 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 6.119 किलोग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां बरामद हुई थीं।
पहले PIT-NDPS के तहत हुई थी कार्रवाई
लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पहले ही PIT-NDPS Act, 1988 के तहत डिटेंशन ऑर्डर जारी किया जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने उसकी आय के स्रोतों और संपत्तियों की जांच शुरू की थी।
अब होगी जब्ती की प्रक्रिया
पुलिस के मुताबिक संबंधित पक्ष को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष यह साबित करना होगा कि संपत्तियां वैध आय से खरीदी गई हैं। यदि वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो नियमानुसार इन संपत्तियों को स्थायी रूप से शासन के पक्ष में जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का संदेश
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों और उनके आर्थिक नेटवर्क को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत समाप्त किया जाएगा।











