छत्तीसगढ़ में कथावाचक के बयान से मचा बवाल! सतनामी समाज ने किया थाने का घेराव, FIR दर्ज — पुलिस बल तैनात

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भागवत कथा के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के विवादित बयान ने माहौल गरमा दिया है। कथा के दौरान सतनामी समाज को लेकर अपशब्द कहे जाने से समुदाय के लोग भड़क उठे। कथावाचक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद सैकड़ों लोगों ने तखतपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

वायरल वीडियो में आशुतोष चैतन्य महाराज कहते नजर आ रहे हैं— “पहले सनातनी थे, अब सतनामी हो गए। उन मूर्खों को यह भी नहीं पता कि सतनामी का मतलब क्या है। सत नाम केवल राम का होता है।” इस टिप्पणी के बाद सतनामी समाज में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की और कहा कि यह टिप्पणी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। तखतपुर के टिकरी पारा स्थित कथा स्थल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। भीड़ के उग्र होने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। फिलहाल माहौल नियंत्रण में है।

तखतपुर पुलिस ने बताया कि आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर कथावाचक की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई, तो वे राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे।

गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य में यह दूसरी बड़ी घटना है जब किसी धार्मिक या राजनीतिक बयान ने समुदायों के बीच तनाव पैदा किया है। प्रशासन अब सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहा है ताकि वीडियो के आधार पर किसी तरह की अफवाह फैलने से रोकी जा सके।

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी भड़काऊ वीडियो या पोस्ट को शेयर न करने की अपील की है।

close