नाबालिग से मुस्लिम सहेलियों के भाई ने छह माह तक किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खुला राज

भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ मुस्लिम सहेलियों के भाई ने छह माह तक दुष्कर्म किया। छात्रा जब गर्भवती हो गई तो स्वजन को घटना की जानकारी लगी। बुधवार को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपित को तलाश रही है।मछंड चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह तोमर के अनुसार, पीड़ित छात्रा की दोस्ती मोहल्ले में रहने वाली दो मुस्लिम बहनों से थी, जो उसे अपने घर बुलाया करती थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने भाई साहिल खान से उसकी पहचान कराई। स्वजन का आरोप है कि एक दिन दोनों बहनों ने छात्रा को घर बुलाया और उसे कमरे में अकेले छोड़कर चली गईं। इसी दौरान आरोपित साहिल ने छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। आरोपित ने छह माह तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल नेता नीतीश भारद्वाज, सुरेंद्र शुक्ला भोले और श्रीराम उपाध्याय ने कहा कि जिले में दलित लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा है।











