भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB का शिकंजा: बैग में छिपाकर ले जा रहा था 8 लाख कैश, नेपाली नागरिक गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मंगलवार को नियमित जांच अभियान के दौरान एक नेपाली नागरिक को आठ लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद नकदी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग, पानीटंकी के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पानीटंकी स्थित बीआईटी न्यू ब्रिज पर एसएसबी के जवान नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल जा रहे एक वाहन को रोककर यात्रियों की तलाशी ली गई। जांच के क्रम में एक युवक के बैग की स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर गहन तलाशी ली गई।
तलाशी में युवक के बैग से बड़ी चतुराई से छिपाकर रखे गए 500 रुपये के 1,600 नोट बरामद हुए, जो कुल आठ लाख रुपये है।
बरामदगी के बाद एसएसबी की टीम युवक और नकदी को कंपनी मुख्यालय (सीएचक्यू) पानीटंकी ले गई, जहां नोटों की गिनती, पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पूरे मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, पानीटंकी को सौंप दिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सागरमाथा प्रांत के खोटांग जिले के रूपाकोट मझुवागढ़ी निवासी 27 वर्षीय बिग्यान राय के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में वह बरामद भारतीय मुद्रा के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
इस अभियान में एसएसबी के एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, एक सहायक उपनिरीक्षक, एक हेड कॉन्स्टेबल, एक कांस्टेबल तथा एक महिला कांस्टेबल सहित कुल छह जवान शामिल थे।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों, तस्करी और संदिग्ध नकदी के आवागमन पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है। अब कस्टम विभाग यह जांच करेगा कि बरामद राशि का स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से नेपाल ले जाया जा रहा था।











