कवर्धा में सड़क हादसे में पटवारी की मौत:डिप्टी CM विजय शर्मा के प्रोटोकॉल पर तैनात थे; ड्यूटी पर जाते समय नाले में गिरी बाइक

कवर्धा जिले में सड़क हादसे में एक पटवारी की मौत हो गई। 16 नवंबर की रात पटवारी उत्तम सिंह राज डिप्टी सीएम विजय शर्मा के प्रोटोकॉल ड्यूटी पर तैनाती के लिए जा रहे थे। अंधेरे में बैरक से चिल्फी लौटते समय मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नाले में जा गिरी।
मामला चिल्पीघाटी थाना क्षेत्र का है। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
डिप्टी सीएम के प्रोटोकॉल पर लगी थी ड्यूटी
लोगों को घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्तम सिंह राज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बताया जा रहा है कि उत्तम सिंह राज अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित और शांत स्वभाव के अधिकारी थे। डिप्टी सीएम के प्रोटोकॉल ड्यूटी पर उनकी नियुक्ति उसी रात के लिए की गई थी।
राजस्व विभाग सहित पूरे इलाके में इस आकस्मिक निधन से शोक व्याप्त है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।










