भाजपा की सोशल मीडिया पोस्ट पर सियासी घमासान, कंटेंट क्रिएटर की आपत्ति के बाद विवाद तेज

दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो अब राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है। प्रदर्शन के दौरान डांस करती नजर आईं कंटेंट क्रिएटर उर्वशी पलांडुरकर की तस्वीर का उपयोग छत्तीसगढ़ भाजपा की एक सोशल मीडिया पोस्ट में किए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई और कई विपक्षी नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी।

बिना अनुमति फोटो इस्तेमाल करने का आरोप

भाजपा की पोस्ट में एक ओर उर्वशी पलांडुरकर की तस्वीर के साथ “बाबर की विरासत पर ठुमके लगाने वाले Gen-Z” लिखा गया था, जबकि दूसरी ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मानित एक छात्रा की तस्वीर के साथ “छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले Gen-Z” लिखा गया। पोस्ट में लोगों से पूछा गया कि वे किस तरह के Gen-Z को चुनेंगे।

पोस्ट के वायरल होने के बाद उर्वशी पलांडुरकर ने वीडियो जारी कर कहा कि उनकी तस्वीर और वीडियो का इस्तेमाल बिना अनुमति राजनीतिक पोस्ट में किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और आपत्तिजनक संदेशों का सामना करना पड़ा। उर्वशी ने कहा कि किसी व्यक्ति का मूल्यांकन केवल एक वीडियो क्लिप के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक हासिल किए थे तथा पढ़ाई के साथ डांस, योग और कंटेंट क्रिएशन जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं।

विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाओं से बढ़ा विवाद

उर्वशी का जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद इस मामले में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवास और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं ने भाजपा की पोस्ट पर सवाल उठाए। कई नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि इस पोस्ट के कारण भाजपा को आलोचना का सामना करना पड़ा।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। तस्वीरों के उपयोग, राजनीतिक संदेशों और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी को लेकर बहस लगातार जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com