बलरामपुर में प्रधान पाठक निलंबित, लापरवाही और कार्य में उदासीनता पर डीईंओं ने की कार्रवाई

बलरामपुर: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा विकासखण्ड वाड्रफनगर के प्राथमिक शाला करूआ आम्र ग्राम पंचायत अमरपुरपुर में पदस्थ प्रभारी प्रधान पाठक सुमित्रा सिंह को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई 24 सितंबर 2025 को की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है. जांच में पाया गया कि सिंह विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहतीं.
रंगकर्मी समिति की बैठक में भाग नहीं लेतीं, न ही प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करती हैं. साथ ही विद्यालय में बच्चों के मध्याह्न भोजन संचालन में गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं. आरोप है कि प्रभारी प्रधान पाठक का आचरण शासन के अनुरूप नहीं था तथा उनके व्यवहार से शाला संचालन कार्य प्रभावित हो रहा था.
इसके अलावा, 31 अक्टूबर 2025 को जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब असंतोषजनक पाया गया, जिसके बाद “छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1966” के तहत निलंबन आदेश जारी किया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय वाड्रफनगर निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं एवं नियमों के पालन में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.









