प्रधानमंत्री ने की सीएम साय की तारीफ:जनजातीय गौरव दिवस पर बोले मोदी- छत्तीसगढ़ की कायाकल्प कर रहे हमारे विष्णुदेव साय
गुजरात के नर्मदा जिले में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की खुलकर प्रशंसा की
पीएम मोदी ने कहा कि “छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, हमारे जनजातीय समाज के विष्णु देव साय राज्य का कायाकल्प कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि BJP-NDA हमेशा से आदिवासी समाज के योग्य नेताओं को शीर्ष पदों पर पहुंचाने का प्रयास करती रही है
संबोधन में पीएम ने लिया राष्ट्रपति का नाम
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने यह भी याद दिलाया कि आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी महिला हैं, जो इस बात का प्रतीक है कि आदिवासी समाज को देश की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के बाद अब भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का यह भव्य आयोजन भारत पर्व की पूर्णता का प्रतीक है। अंत में उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया।
20 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगी। वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होने वाले आयोजनों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां शुरू हो गई है। राष्ट्रपति के अलावा सीएम विष्णुदेव साय भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी और अन्य अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।











