लखीसराय में रेलवे ट्रैक डूबा, 2 घंटे रुकी रही ट्रेनें:खगड़िया, किशनगंज, जमुई में सड़कों पर 3 फीट पानी; बगहा में किसान को खींच ले गया मगरमच्छ

बिहार के कई जिलों में हो रही लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। लखीसराय में कल से लगातार बारिश हो रही है। जमालपुर किउल रेल रूट के कजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक डूब गया है। रेलवे को 2 घंटे तक भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट, जमालपुर–किऊल डीएमयू और गया–जमालपुर पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। स्पीड कर कम के ट्रेनों को रवाना किया जा रहा है।
मुंगेर में रात से लगातार हो रही बारिश के बाद जमालपुर रेल कारखाना का विभिन्न वर्कशॉप में पानी भर गया है, जिससे काम ठप है। वहीं खगड़िया, अररिया, जमुई में भी सड़कें लबालब हैं।
बेगूसराय को मंसूरचक प्रखंड क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पानी भर गया है। जीडी कॉलेज जलमग्न है, सड़क किनारे बसे घरों में पानी घुस गया है।
पश्चिम चंपारण के भुलटोला सिरिसिया गांव में एक किसान की मगरमच्छ के हमले से मौत हो गई। मृतक की पहचान भुलटोला सिरिसिया निवासी केदार बैठा (45) के रूप में हुई है। बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। केदार भपसा नदी पार कर रहे थे। इस दौरान मगरमच्छ ने हमला कर दिया।
मौसम से जुड़े हाईलाइट्स
- आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों को मौत हो गई। नालंदा में 3, छपरा-सीवान में 2-2 और बक्सर-रोहतास में एक-एक की जान चली गई।
- आज विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
- पटना, समस्तीपुर, बक्सर, नालंदा, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय और खगड़िया में सुबह से बारिश हो रही है।
- बिहार और नेपाल में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। कोसी बराज के 56 में से 31 फाटक खोल दिए गए। इधर, सोमवार सुबह बराज से कुल 1,96,625 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है।
- मौसम विभाग की माने तो बिहार अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट है।











