बारिश बनी आफत: बलरामपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत, घरों में घुसा पानी

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब तेज होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम एक्टिव है। इसके असर से प्रदेशभर में अगले 5 दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 2 दिन भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच बलरामपुर जिले में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई है। मानती टेकाम (33) और उनकी बेटी कुमारी विमला टेकाम (14) खेत में काम करने गई थीं। गुरुवार दोपहर तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास स्थित पेड़ के नीचे खड़ी थीं, तभी चपेट में आ गईं।

पिछले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश हुई है। राजपुर में तेज बारिश के कारण नेशनल हाईवे-343 के किनारे स्थित कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया। घरों में रखा अनाज, बिस्तर, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान भीग गए।

बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। वहीं दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। हालांकि पूरे प्रदेश में अब तक सामान्य से 54% कम बारिश हुई है।

रायपुर का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आज (शुक्रवार) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 26°C रहने का अनुमान है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com