रायपुर: बैकलॉग भर्ती और योजनाओं की प्रगति पर मुख्य सचिव सख्त, विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान मुख्य सचिव ने बैकलॉग के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैकलॉग भर्ती में तेजी लाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े बैकलॉग पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती संबंधी सभी औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को अवसर उपलब्ध कराया जाए।

योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर प्रगति की निगरानी कर लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इन प्रमुख योजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से इन योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी भी ली गई।

भू-अर्जन मामलों का जल्द करें निपटारा

मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का शीघ्र और प्रभावी ढंग से निराकरण किया जाए, ताकि विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com