बहराइच में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष फिर बने संजय मिश्रा, लगातार पांचवीं बार मिली जिम्मेदार…

बहराइच: बहराइच में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बहराइच इकाई का जिला स्तरीय चुनाव रविवार को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ. संगठन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से संजय मिश्रा को लगातार पांचवीं बार जिलाध्यक्ष चुना.
चुनाव प्रक्रिया जिलाधिकारी बहराइच की मौजूदगी में सम्पन्न कराई गई जिससे इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता पर मुहर लगी.
रविवार को दोपहर 2 बजे एसपी आवास के निकट एलआरपी डाक बंगला में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जनपद की सभी तहसीलों से श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। बैठक के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी रहे.
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी को बुके भेंट कर किया गया जिसके बाद पत्रकारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को उनके समक्ष रखा.
इसके उपरांत जिलाधिकारी की निगरानी में संगठन के जिलाध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया. चुनाव के दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों में कार्यरत श्रमजीवी यूनियन के संगठन के पदाधिकारियो ने प्रस्ताव रखा की वर्तमान समय में कार्यरत कार्यकारिणी की कार्यशैली को देखते हुये वर्तमान में संगठन में बदलाव करने की आवश्यकता नही है इसके बाद में सभी सदस्यों ने निर्विरोध रूप से संजय मिश्रा को अध्यक्ष चुना.
अध्यक्ष चुने जाने के बाद संजय मिश्रा ने कहा कि संगठन के साथियों द्वारा मुझ पर पुनः विश्वास जताया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं पहले की तरह पत्रकार हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाता रहूंगा। संगठन को और सशक्त व एकजुट बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
इस मौके पर जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं.
श्रमजीवी पत्रकार यूनियन जैसे संगठनों की भूमिका पत्रकारों की समस्याओं को सामने लाने और प्रशासन से संवाद बनाए रखने में महत्वपूर्ण है. उम्मीद है कि नव निर्वाचित अध्यक्ष संगठन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाएंगे. कार्यक्रम के अंत में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया.
इस मौके पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सभी वरिष्ठ पत्रकार हेमंत मिश्रा,महेश गुप्ता,अभिषेक शर्मा समेत तहसील अध्यक्ष मिहींपुरवा एम.रशीद, विशाल अवस्थी, विनोद शर्मा, अनिल मिश्रा, जमील कुरैशी आदर्श पांडेय समेत जिले के अन्य क्षेत्रों से आए यूनियन के सदस्य शरद शर्मा , अरविंद पाठक समेत प्रयागपुर,नानपारा,केसरगंज, महसी के यूनियन के काफ़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.










