सिंधु समाज ने विरोध प्रदर्शन किया, दुकानें बंद रखीं:इष्टदेव पर टिप्पणी के विरोध में भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज

छत्तीसगढ़ के कांकेर में सिंधु समाज ने अमित बघेल के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया है। इष्टदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में समाज ने भानुप्रतापपुर में व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे और रैली निकालकर थाने का घेराव किया।
घेराव के दौरान, सिंधु समाज के सदस्यों ने अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। समाज द्वारा भानुप्रतापपुर थाने में पहले भी शिकायत पत्र दिया जा चुका था।
थाना घेराव के बाद, थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह अपराध भानुप्रतापपुर सिंधु समाज अध्यक्ष विशाल आहूजा, पिता वैद्यराज आहूजा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि अमित बघेल ने सिंधु समाज के लोगों को सटोरिया, दारूबाज और जुआरी कहा, साथ ही इष्टदेव झूलेलाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिकायत दर्ज कराते समय पंकज राज वाधवानी, मोनिका आहूजा, अमित विजय पंजवानी, दीपक भटेजा, राकेश रमानी, लक्ष्मण माखीजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।










