सूरजपुर: छसबल सिलफिली में 17 से 19 नवंबर तक आरक्षक ट्रेड टेस्ट; चालक, कुक, वाटर कैरियर व अन्य ट्रेडों के लिए कड़े निर्देश जारी

सूरजपुर: जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023–24 के अंतर्गत सरगुजा रेंज सूरजपुर, कोरिया, जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में रिक्त आरक्षक ट्रेड संवर्ग के पदों को भरने के लिए ट्रेड टेस्ट 17 से 19 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा. यह परीक्षण 10वीं वाहिनी, छसबल, सिलफिली (जिला सूरजपुर) के ग्राउंड में किया जाएगा.

पुलिस विभाग ने भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. केवल वही उम्मीदवार ट्रेड टेस्ट में शामिल होंगे, जिन्होंने व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई है. अनुपस्थित अभ्यर्थी अयोग्य माने जाएंगे. ग्राउंड में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास व्यापम द्वारा जारी एडमिट कार्ड तथा पहचान पत्र का होना अनिवार्य है.

ट्रेडवार परीक्षा की तिथियाँ

  • 17 नवंबर 2025: आरक्षक ट्रेड (चालक)
  • 18 नवंबर 2025: आरक्षक ट्रेड (कुक एवं वाटर कैरियर)
  • 19 नवंबर 2025: अन्य शेष ट्रेड

अभ्यर्थियों को सुबह 7:00 बजे तक अनिवार्य रूप से भर्ती ग्राउंड में उपस्थित होना होगा. विलंब से आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा. किसी भी ट्रेड टेस्ट में अनुपस्थित रहने वाला अभ्यर्थी स्वतः अपात्र माना जाएगा.

ग्राउंड में प्रतिबंध और निर्देश

भर्ती ग्राउंड में अभ्यर्थियों का मोबाइल ले जाना या उपयोग करना पूर्णतः वर्जित रहेगा. भर्ती केंद्र पर अभ्यर्थियों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति या रिश्तेदार की उपस्थिति पर भी प्रतिबंध है. अभ्यर्थी अपनी आवश्यकतानुसार ट्रेड से संबंधित सामग्री साथ ला सकते हैं.

भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी- पुलिस की चेतावनी

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी. किसी भी प्रकार के लेन-देन, प्रलोभन या धोखाधड़ी से अभ्यर्थियों को दूर रहने की सलाह दी गई है. यदि किसी व्यक्ति द्वारा भर्ती के नाम पर प्रलोभन दिए जाने की सूचना मिलती है तो तत्काल चयन समिति को सूचित करने कहा गया है. ऐसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

close