गुरुग्राम में भिलाई के एआई इंजीनियर की संदिग्ध मौत, युवती की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

हरियाणा के गुरुग्राम में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 25 वर्षीय एआई इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि श्रेष्ठ ने पहले अपनी सहकर्मी युवती की चाकू मारकर हत्या की और इसके बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मृतक के परिजनों ने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, श्रेष्ठ मलिक भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र का निवासी था और गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित एक निजी कंपनी में एआई इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। उसी कंपनी में उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी इशाका भी कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को जानते थे और घटना से तीन दिन पहले युवती श्रेष्ठ के साथ सेक्टर-55 स्थित एक पीजी में रहने आई थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती के परिजनों ने उसके लगातार फोन नहीं उठाने पर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस जब बताए गए पते पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोलने पर अंदर युवती का शव खून से लथपथ मिला। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान मिले। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि श्रेष्ठ मलिक भी उसी कमरे में रहता था, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं था। इसी बीच जानकारी मिली कि एक दिन पहले गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव दो हिस्सों में मिला था। मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई।

मृतक के पिता दीपक मलिक ने पुलिस की प्रारंभिक आशंका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बेटे ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा किसी की हत्या नहीं कर सकता और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com