कोटा में कफ सिरप पीने से महिला की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

राजस्थान के कोटा में एक महिला की कफ सिरप पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बेटे का आरोप है कि सिरप लेने के बाद मां की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद अस्पताल में मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा है और कफ सिरप का सैंपल जांच के लिए भेजा है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

राजस्थान के कोटा शहर में कफ सिरप पीने के बाद एक 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। यह घटना कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र के अजय आहूजा नगर की है, जहां रविवार रात को कमला देवी नामक महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक महिला के बेटे ने आरोप लगाया है कि खांसी-जुकाम के लिए लाई गई कफ सिरप पीने के बाद ही उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ी थी।

मृतक महिला कमला देवी के बेटे के अनुसार, दीपावली की साफ-सफाई में व्यस्त होने के कारण उनकी मां को सर्दी-जुकाम हो गया था। तबीयत खराब होने पर उन्होंने रंगबाड़ी क्षेत्र के नागर मेडिकल स्टोर से एक कफ सिरप मंगवाया।

बेटे का कहना है कि सिरप के दो ढक्कन पीने के बाद ही कमला देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, उन्हें तेज बेचैनी और घबराहट महसूस होने लगी।

परिजन तुरंत कमला देवी को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी और कुछ अन्य जांचें कीं। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हृदय गति बहुत कम थी।

उपचार शुरू किया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान कमला देवी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची।

एसआई रोहित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कफ सिरप का सैंपल भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। प्राथमिक जांच में मामला दवा के सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने का प्रतीत होता है, लेकिन मौत का सही कारण मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है 

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com