3 रात जेल में रहने के बाद निकले तेजप्रताप:आज से छूटेंगे प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स, बिहार बंद के दौरान हिंसक प्रदर्शन में हुए थे गिरफ्तार

राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव मंगलवार शाम बेउर जेल से बाहर आ गए। तेज प्रताप यादव के अलावे सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स जेल में बंद है, जिन्हें आज यानी बुधवार से छोड़ा जाएगा।
बिहार सरकार ने छात्र आनंदोलन के दौरान दर्ज की गई 64 FIR को वापस ले ली है। इससे स्टूडेंट प्रोटेस्ट में शामिल लोगों को रिलीज करने का आदेश जारी है। सरकार के इस आदेश के बाद तेजप्रताप भी जेल से बाहर आ गए हैं।
बेउर जेल से निकलने के बाद तेजप्रताप सीधे अपने माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी से मुलाकात करने पहुंचे। कौटिल्य नगर आवास से निकलने के दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया, लेकिन वे बिना कुछ बोले निकाल गए।
सबसे पहले जानिए तेज प्रताप की गिरफ्तारी कैसे हुई थी
1. सम्राट सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट की, कुछ घंटे बाद हुई गिरफ्तारी
25 जुलाई की दोपहर JJD प्रमुख तेज प्रताप यादव को गांधी मैदान पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया। करीब आधे घंटे तक उनको थाने में रखा गया। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया था।थाने से छूटने के बाद तेज प्रताप यादव एक बार फिर से स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट में शामिल हुए।
इसी बीच दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। फिर कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक के बाद प्रदर्शन बंद करने का ऐलान किया। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने शाम 4.36 बजे X पर एक पोस्ट लिखा। जिसमें उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके को बिहार आने का निमंत्रण दिया और कहा कि यहां आइए सम्राट सरकार को उखाड़ फेंकिए।
पोस्ट करने के करीब 3 घंटे बाद तेज प्रताप को किया गिरफ्तार
बिहार बंद के दिन तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर तीखा हमला किया था। उन्होंने बड़े जन आंदोलन की बात कही। सरकार को सत्ता से हटाने की अपील भी की।
सोशल मीडियो पर पोस्ट करने के करीब 3 घंटे बाद पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना था कि कार्रवाई हिंसा से जुड़े मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।











