बिलासपुर के साप्ताहिक बाजार में करेले के ढेर से निकला कोबरा, युवक को डसा; सिम्स में भर्ती

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेले के ढेर में छिपा एक कोबरा अचानक बाहर निकल आया और सब्जी खरीद रहे युवक को डस लिया। घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू मंगलवार को बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। वह करेले के ढेर से सब्जियां चुन रहे थे, तभी उसमें छिपा कोबरा अचानक फन फैलाकर बाहर निकला और उनके पैर में डस लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोबरा पास की झाड़ियों से निकलकर सब्जी विक्रेता के करेले के ढेर में जाकर छिप गया था। किसी को इसकी भनक नहीं लगी। जैसे ही ग्राहक ने करेला उठाना शुरू किया, सांप बाहर निकल आया और हमला कर दिया।
घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी खरीदारी छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जबकि सब्जी विक्रेताओं में भी दहशत का माहौल बन गया। काफी देर तक बाजार में अफरा-तफरी बनी रही।
इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने कोबरा का वीडियो भी बना लिया, जिसमें वह करेले के ढेर के बीच फन फैलाए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ लोगों से बरसात के मौसम में बाजार, खेतों और झाड़ियों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा जहरीले जीव-जंतुओं से सावधान रहने की अपील भी की जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार, घायल युवक की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसका उपचार जारी है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में खुले बाजारों और झाड़ियों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया।











